
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर दो निवासी मोहम्मद रियाज ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर अपने बेटे मोहम्मद तौकीर उर्फ गोरा हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता आफताब खान उर्फ बिल्ली की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने एसपी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई. रियाज ने बताया कि विगत 20 नवंबर 2025 को इमामबाड़ा के पास उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है और वे अब भी इंसाफ की राह देख रहे हैं.
उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में पुलिस ने विजय पांडे, सद्दाम खान, मसूद इकबाल, विपुल यादव और शुभम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन पूरे मामले का मास्टरमाइंड आफताब खान उर्फ बिल्ली अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है. रियाज का आरोप है कि पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास मौजूद है, जिसमें साजिश और वारदात से जुड़े अहम सबूत साफ तौर पर दिखाई देते हैं. इसके बावजूद मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी न होना पीड़ित परिवार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.
पीड़ित पिता का कहना है कि आफताब के खुलेआम घूमने से उनके परिवार की जान-माल को गंभीर खतरा बना हुआ है. वे और उनके परिजन भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं. उन्होंने आशंका जताई कि साजिशकर्ता कभी भी उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है, ताकि मामले में सच्चाई सामने न आ सके.
रियाज ने एसपी से मांग की कि मुख्य आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों और न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को विवश होंगे. उनका कहना है कि उनके बेटे को न्याय मिलना ही उनके संघर्ष का एकमात्र उद्देश्य है.

