
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी इलाके में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताज़ा मामला फरीद कॉलोनी, गौसनगर का है, जहाँ मंगलवार तड़के लगभग चार बजे अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
पीड़िता साबरा खातून ने बताया कि जिस मकान में चोरी हुई, वह उनके समधी मोहम्मद नसीम अंसारी का है. पूरा परिवार 3 नवंबर की रात ओडिशा के राजगाम में एक बारात में शामिल होने गया था. घर खाली पाकर चोरों ने बड़ी सफाई से दो कमरों के ताले तोड़ डाले और भीतर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ़ किया.
चोरों ने अलमारी खंगालने के बाद तीन सोने की फुल्ली, तीन से चार गुल्लक, एक मोबाइल, एक टैब और अन्य कीमती सामान चुरा लिया. चोरी की कुल कीमत लगभग 40 से 50 हजार रुपये आंकी जा रही है.
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि घर के आंगन में रह रहे दो किरायेदारों को चोरों ने बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया, ताकि वारदात के दौरान कोई आवाज़ न उठ सके. सुबह जब किरायेदार बाहर निकलना चाहते थे, तो दरवाज़ा बंद देखकर सन्न रह गए. उन्होंने तत्काल मोहम्मद नसीम अंसारी के भाई अफरोज़ को सूचना दी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर कपाली ओपी को खबर दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. उन्होंने पुलिस से इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

