
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
थानेदार धीरंजन कुमार ने बताया कि घटना 16 नवंबर की शाम की है. तमोलिया बारी कॉलोनी निवासी करीब 50 वर्षीय गोपाल पांडे अपने घर के पास खड़े थे, तभी पड़ोस के युवक राहुल वर्मा (23) और पंकज कुमार (23) से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ते ही दोनों युवकों ने मिलकर बुजुर्ग को मारपीट कर घायल कर दिया. घायल गोपाल पांडे ने कपाली ओपी में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई.
जांच में दोनों युवकों की संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. थानेदार ने बताया कि इस कांड में कुछ अन्य युवक भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा.

