
उदित वाणी, जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कानदेरबेरा स्थित सिल्वर सैंड के पास जमशेदपुर निवासी कनिष्क गांधी की गाड़ी लावारिस हालत में बरामद होने से सनसनी फैल गई है. बताया जा रहा है कि कनिष्क गांधी दोपहर करीब दो बजे घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है. परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद थक-हार कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई.

इसी क्रम में चांडिल क्षेत्र में उनकी कार सिल्वर सैंड के पास खड़ी मिली. हालांकि, जिस तरह से गाड़ी को सुनसान इलाके में खड़ा किया गया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि जानबूझकर वाहन को यहां छोड़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई है. गाड़ी में किसी तरह के संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन कनिष्क का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है.
पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कनिष्क गांधी वहां तक कैसे पहुंचे और उसके बाद कहां गए. परिजन अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं और पुलिस से जल्द से जल्द सुराग लगाने की गुहार लगा रहे हैं.

