
उदित वाणी, कांड्रा : कांड्रा थाना अंतर्गत डुमरा गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से संदिग्ध अवस्था में लटका मिला. मृतक की पहचान भुवनेश्वर मंडल (25 वर्ष) के रूप में की गई है, जो गांव के ही संनातन मंडल का पुत्र था.
शव की स्थिति ने खड़े किए सवाल
शव झूलता हुआ पाया गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि युवक के दोनों घुटने मुड़े हुए थे और ज़मीन को स्पर्श कर रहे थे. यह स्थिति मौत को आत्महत्या मानने से पहले कई सवाल खड़े करती है.
गुजरात से हाल ही में लौटा था युवक
भुवनेश्वर मंडल गुजरात में काम करता था और कुछ दिनों पहले ही वह घर लौटा था. परिजनों के अनुसार, वह सोमवार रात 9 बजे घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा. सुबह जब ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटका देखा तो उन्होंने तुरंत कांड्रा थाना को सूचना दी.
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या है, लेकिन गांव के कई लोग इस पर संदेह जता रहे हैं.
क्या शराब भट्टी की गतिविधियों से जुड़ा है मामला?
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि डुमरा गांव में अवैध शराब की भट्टियां सक्रिय हैं और पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. उनका मानना है कि इस मौत में शराब माफिया की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता. ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए और यदि हत्या की आशंका है तो दोषियों को सख्त सजा दी जाए.

