
उदित वाणी, पटमदा : कमलपुर थाना क्षेत्र के बनकुंचिया गांव में हुई एक दिल दहला देने वाली पारिवारिक घटना के मुख्य आरोपी कांग्रेस महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया. यह कार्रवाई कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में की गई.
मां ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
इस मामले में कांग्रेस महतो की मां चेपी महतो ने अपने बड़े बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके छोटे बेटे की हत्या कांग्रेस महतो ने की है. पुलिस ने इसे कमलपुर थाना कांड संख्या 9/2025 के तहत दर्ज किया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 126, 115(2) और 103 के तहत आरोप लगाए गए हैं.
आम तोड़ने के विवाद में भड़की थी हिंसा
घटना 16 जून की है, जब आम तोड़ने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने लाठी से छोटे भाई पर हमला कर दिया. इस मारपीट में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई थी. घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां चेपी महतो भी घायल हो गई थीं.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद से कांग्रेस महतो फरार था. गुरुवार को कमलपुर थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी और गांव में शोक की लहर है.

