
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र शास्त्रीनगर में हुए तौकीर उर्फ़ होरा हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज़ करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पकड़े गए आरोपियों में ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 8 का सद्दाब खान उर्फ़ बिल्ली (27) और कदमा शास्त्रीनगर का शुभम कुमार (25) शामिल हैं. दोनों के पास से फायरिंग में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई है.
बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बिष्टुपुर बीएच एरिया में देखे गए हैं. सूचना के आधार पर एक विशेष पुलिस छापेमारी दल का गठन किया गया. दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपने जुर्म को स्वीकारते हुए कई महत्वपूर्ण तथ्य भी खोले.
एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में इससे पहले भी पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर अयान उर्फ़ मसूद इकबाल को गिरफ्तार कर लिया था. वह भी घटना स्थल पर फायरिंग में शामिल था. वहीं मुख्य आरोपी सद्दाब खान के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में छह मामले पहले से दर्ज हैं.
पूछताछ में गिरफ्तार सभी अभियुक्तों ने बताया कि गोरा लंबे समय से उन्हें डराता-धमकाता था और कई बार उन पर हवाई फायरिंग भी कर चुका था. घटना वाले दिन सभी आरोपी बैठकर नशा कर रहे थे. इसी दौरान गोरा को मारने की योजना बनी और नशे की हालत में ही उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को जेल भेज दिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और पुलिस अन्य कड़ियों को भी खंगाल रही है.

