
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया स्थित श्री श्री महाबीर मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.
इस मामले में कदमा थाना कांड संख्या 115/25, दिनांक 18 दिसंबर 2025 को धारा 331/305(a) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इस कांड के मुख्य अभियुक्त रोहित मुखी उर्फ कुणाल मुखी (उम्र 28 वर्ष), पिता राजेश मुखी, निवासी फार्म एरिया, क्वार्टर संख्या 21, स्टाफ क्वार्टर, हरिजन बस्ती, थाना कदमा, जिला पूर्वी सिंहभूम के विरुद्ध मुकदमा दायर किया गया था.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया था. टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर चोरी गया मंदिर का सारा सामान उस बंद क्वार्टर से बरामद कर लिया, जहाँ अभियुक्त ने उसे छिपा रखा था.
बरामद सामान में लाल रंग के तीन डोलक (डंका), एक स्टील का तासा, तीन लोहे की तलवार, एक बड़ा कैरम बोर्ड और एक डंका शामिल है. पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है.
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत और विश्वास का माहौल देखा जा रहा है. क्षेत्रवासियों ने कदमा थाना की तत्परता की सराहना की है.

