
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के बीचएरिया रोड नंबर-5 में दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है. स्थानीय निवासी बासु के घर में घुसे अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब बासु अपने बड़े पापा से मिलने रामनगर गए हुए थे. कुछ ही देर बाद जब वे लौटे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है. घर के अंदर जाकर पता चला कि चार दरवाजों के ताले तोड़े गए हैं और सभी कमरों में रखी अलमारियों के लॉकर भी तोड़ दिए गए हैं.
बासु ने बताया कि हाल ही में घर में शादी हुई थी, जिसके चलते घर में भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर रखे हुए थे. चोरों ने मौका पाकर शादी के सभी गहनों के साथ नगद रकम और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली. अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी हुई संपत्ति की कुल कीमत 10 से 15 लाख रुपये के बीच है.
घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था. परिवार के अन्य सदस्य भी सुबह से बाहर गए हुए थे. चोरों ने इसी का फायदा उठाकर पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया. जब परिवार शाम को लौटा, तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर टूटे मिले.
सूचना पाकर कदमा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि चोर पहले से घर की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके. साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ जारी है.

