
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में अपराध पर नकेल कसते हुए जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. अवैध हथियार के साथ पुलिस ने एक युवक को धर दबोचा है, जो इलाके में डर और दहशत फैलाने का काम कर रहा था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कदमा उलियान केडी फ्लैट निवासी हरिकेश पटेल (28 वर्ष) के रूप में की गई है. पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिसमें एक देशी ऑटोमेटिक पिस्टल (बिना मैगजीन), दो खाली मैगजीन, चार जिंदा गोली और एक देशी कट्टा शामिल है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने सोमवार को बताया कि कदमा फार्म एरिया स्थित टीसी कॉलोनी रोड के पास एक व्यक्ति के हथियार के साथ घूमने और स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया.
टीम ने सिटी एसपी के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया और फार्म एरिया के टीसी कॉलोनी रोड के पास हरिकेश पटेल को चारों ओर से घेर कर पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हथियारों को फार्म एरिया स्थित एक खंडहरनुमा क्वार्टर के पुराने शौचालय में छिपाकर रखा है. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हथियारों की तलाशी ली और सारे अवैध हथियार जब्त कर लिए.
एसपी कुमार शिवाशीष के मुताबिक, आरोपी हरिकेश पटेल इलाके में दहशत फैलाने और अवैध गतिविधियों में शामिल था. वह आए दिन स्थानीय निवासियों को हथियार का भय दिखाकर धमकाता था. पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया है कि वह इन हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में करना चाहता था.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी को ये हथियार कहां से और कैसे मिले. इस कड़ी में कुछ अन्य संदिग्धों पर भी नजर रखी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है.
पुलिस की तत्परता से टला बड़ा खतरा
स्थानीय लोगों ने कदमा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि आरोपी हरिकेश लंबे समय से क्षेत्र में डर का माहौल बना रहा था. उसके पास से बरामद हथियारों से स्पष्ट होता है कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे दबोच लिया.
कदमा थाना प्रभारी और उनकी टीम की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार की निरंतर कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी.
जांच जारी, और भी खुलासों की उम्मीद
सिटी एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और हथियारों की आपूर्ति कहां से हुई. शुरुआती जांच में कुछ ऐसे नाम सामने आए हैं जो पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं. जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जाएगी.
इस पूरी कार्रवाई ने साबित कर दिया है कि जमशेदपुर पुलिस अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शने के मूड में नहीं है. एसपी नगर कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में की गई यह त्वरित और निर्णायक कार्रवाई आने वाले समय में अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करेगी.

