
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया रोड नंबर–2 में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. चोरों ने टाटा स्टील के कर्मचारी वेंकट राव के आवास का ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए. यह वारदात 4 जनवरी को सुबह करीब 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार घर में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था.
जानकारी के अनुसार वेंकट राव अपने परिवार के साथ किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए थे. शाम साढ़े पांच बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि उनके घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है. भीतर प्रवेश करने पर घर का नजारा देख वे स्तब्ध रह गए. अलमारी, बेड और अन्य सामान बिखरे पड़े थे, जिससे साफ प्रतीत हो रहा था कि चोरों ने काफी समय लेकर पूरे घर की तलाशी ली है.
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि चोर घर में रखे नकद रुपये और जेवरात लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके. इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. दिनदहाड़े हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. लोगों ने क्षेत्र में नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

