
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में चोरी की गंभीर घटना सामने आई है. कदमा बीएच एरिया रोड नंबर 13 स्थित गुरजीत सिंह के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि घर के सदस्य बाहर थे, तभी चोरों ने मुख्य दरवाज़े का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद अलमारी खंगालते हुए करीब सात लाख रुपये मूल्य के गहने और नकदी चोरी कर फरार हो गए.
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिजन घर लौटे और ताला टूटा पाया. सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में रेकी की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है.

