
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित मिल्लत नगर में शुक्रवार देर शाम अचानक गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. अज्ञात अपराधियों ने ज़ाफ़र अली नामक युवक पर घात लगाकर तीन गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल ज़ाफर को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है.
घायल ज़ाफ़र के साथी ने बताया कि ज़ाफ़र अली गोलमुरी बाजार में चिकन शॉप चलाता है. शुक्रवार की शाम वह अपने साथी के साथ किसी कार्यवश मिल्लत नगर स्थित जुगसलाई फाटक की ओर गया था. इसी दौरान अचानक कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. गोली लगते ही वहां हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे.
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना जुगसलाई थाना पुलिस को दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिस्थितियों का मुआयना किया और रक्त के धब्बों तथा फायरिंग के खोखे को बरामद किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. साथ ही इलाके में गश्त तेज कर दी गई है.
प्राथमिक जांच में घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमला किसी आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या किसी आपराधिक गिरोह की साजिश का परिणाम है. मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है.
इस घटना के बाद मिल्लत नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा.

