
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के टाटा पिगमेंट गेट के समीप गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. साकची से सुंदरनगर की ओर जा रही एक यात्री बस ने बिष्टुपुर से स्टेशन की ओर जा रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है.
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जुगसलाई थाना पुलिस को दी. मौके पर पुलिस टीम पहुंचकर जांच में जुट गई और दोनों वाहनों को सड़क किनारे कराया, ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके.
घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा. पुलिस ने बताया कि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. दुर्घटनाग्रस्त कार और बस को जब्त करने की प्रक्रिया चल रही है.
प्राथमिक जांच में पता चला है कि बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, घटना के बाद से स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके.

