
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के एम ई स्कूल रोड निवासी मालती देवी पर आरोप है कि वह अपनी सगी बहन अनीता देवी को उनके पैतृक संपत्ति से बेदखल करने की साजिश रच रही है. अनीता देवी का आरोप है कि मालती देवी नक्शा विचलन कर बिना स्वीकृत नक्शा के अवैध भवन निर्माण कार्य करवा रही है.
मालती देवी द्वारा बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के यह निर्माण कार्य कराए जाने की बात भी सामने आई है, जो स्पष्ट रूप से निर्माण नियमों और कानून का उल्लंघन है. अनीता देवी ने उक्त अवैध कार्य की शिकायत अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर को दर्ज कराई है. साथ ही, जुगसलाई नगर परिषद और जुगसलाई थाना में भी इस मामले की सूचना दी गई है, लेकिन इसके बावजूद मालती देवी द्वारा भवन निर्माण की प्रक्रिया निरंतर जारी है.
स्थानीय निवासी व पीड़िता अनीता देवी ने कहा कि उनका मकसद केवल न्याय प्राप्त करना है, ताकि उनके अधिकारों की रक्षा हो सके. उन्होंने प्रशासन से निवेदन किया है कि इस अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए और उचित जांच करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. अनीता देवी का कहना है कि उनके पिता की पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, जो न केवल व्यक्तिगत संपत्ति का हनन है, बल्कि सामाजिक सौहार्द पर भी विपरीत प्रभाव डालने वाला कार्य है.
स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि इतने गंभीर मामले में अभी तक क्यों कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम और जुगसलाई थाना प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि वे मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए अविलंब कार्रवाई करें, ताकि अनधिकृत कब्जा एवं निर्माण को रोका जा सके. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर उचित कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और विकराल रूप धारण कर सकती है.
