
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत एमजीएम स्कूल रोड स्थित निर्मल सेवा सदन अस्पताल के समीप एक आवास में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है.
पुलिस के अनुसार 01 फरवरी को अज्ञात चोरों ने उक्त आवास का ताला तोड़कर घर में रखे सोना-चांदी सहित अन्य कीमती आभूषणों की चोरी कर ली थी. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर 03 फरवरी को जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था), जमशेदपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया.
टीम ने गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण तथा डॉग स्क्वायड की मदद से जांच तेज की. लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक कुमार सिंह (23 वर्ष), जुगसलाई निवासी के रूप में हुई है.
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोना-चांदी के गहने, चांदी के सिक्के और नकदी बरामद की गई. बरामद सामानों में कंगन, चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, लॉकेट, झुमके, मांगटीका, नथिया, पायल, कमर बेल्ट, बिछिया, विभिन्न वजन के चांदी के सिक्के शामिल हैं. कुल 740 ग्राम चांदी, 440 ग्राम सोना तथा लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का हीरा बरामद किया गया है. इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड, ताला तोड़ने के औजार, काला फेस प्रिंटेड शॉल और मफलर भी जब्त किए गए हैं.
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी साकची थाना में वर्ष 2024 में चोरी का मामला दर्ज है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है.

