
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई पुलिस ने अपराध पर बड़ी चोट करते हुए दो अपराधियों को हथियार के साथ धर दबोचने में सफलता हासिल की है. पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक गंभीर वारदात टल गई.
सूत्रों के अनुसार, 4 सितंबर को जुगसलाई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खरकाई नदी के पास दो युवक संदिग्ध स्थिति में खड़े हैं. सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से दो पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.
पुलिस जांच में दोनों अपराधियों की पहचान बागबेड़ा निवासी अभिषेक सिंह और जुगसलाई निवासी गणेश रजक के रूप में हुई. इनमें से अभिषेक सिंह का आपराधिक इतिहास पहले से ही रहा है. तीन माह पूर्व जुगसलाई क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना में भी वह जेल जा चुका है.
इस मामले की जानकारी देते हुए विधि व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम ने कहा कि जुगसलाई पुलिस ने बड़ी कामयाबी अर्जित की है. किसी अप्रिय वारदात से पहले ही अपराधियों को दबोच लेना पुलिस की तत्परता को दर्शाता है.
डीएसपी ने आगे बताया कि विवेचना के दौरान अभिषेक सिंह ने स्वीकार किया है कि हथियारों की खरीद एक व्यक्ति विवेक जी (निवासी परसुडीह) से की गई थी. पुलिस अब विवेक जी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. उल्लेखनीय है कि विवेक जी का नाम पहले भी परसुडीह थाना क्षेत्र में हुए रवि यादव पर जानलेवा हमले में आ चुका है.
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी और बहुत जल्द विवेक जी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

