
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना पुलिस को बुधवार की देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी है, जब गुप्त सूचना के आधार पर हथियार की खरीद-बिक्री में शामिल एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार बरामद किया है और अब उसकी निशानदेही पर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
गिरफ्तार युवक की पहचान मो. अरमान उर्फ राज के रूप में की गई है. वह जुगसलाई महतो पाड़ा रोड स्थित हबीबनगर का निवासी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि पार्वती घाट बस्ती, रेलवे ओवर ब्रिज के पास अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के लिए सब-इंस्पेक्टर गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने मौके पर छापेमारी कर आरोपी को हथियार के साथ दबोच लिया.
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने हथियार रखने की बात स्वीकार की है, हालांकि वह सप्लाई चेन के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका. पुलिस उसके मोबाइल और संपर्क सूत्रों की जांच कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.
घटना के संबंध में सब-इंस्पेक्टर गौतम कुमार के बयान पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. थाना प्रभारी ने बताया कि विभागीय स्तर पर आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं. फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है और पुलिस उसके निशानदेही पर अन्य हथियार या सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है.

