
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार मुहल्ले में मंगलवार को एक छोटी-सी घटना ने तूल पकड़ लिया. विशेष समुदाय के एक युवक द्वारा अपनी ही समुदाय की युवती से छेड़छाड़ करने का विरोध हिंदू समुदाय के लोगों ने किया, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया. गद्दी मोहल्ला के विशेष समुदाय के लोगों ने हिंदू समुदाय के घरों पर पथराव और हमला कर दिया.
घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है. विशेष समुदाय के युवक-युवती नया बाजार से गुजर रहे थे. इसी दौरान युवक ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी, जो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इसे देख हिंदू समुदाय के स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसके जवाब में गद्दी मोहल्ला से भारी संख्या में लोग आ गए और हिंदू समुदाय के कई घरों पर हमला बोल दिया. पथराव में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए.
मामले की गंभीरता को भांपते हुए जुगसलाई पुलिस ने तुरंत मौके पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी. वर्तमान में इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. घायल युवक का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया. इधर हिंदू समुदाय के लोग थाने पर पहुंचकर हंगामा कर रहे हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है. दोनों पक्षों से शिकायतें दर्ज की जा रही हैं. एसपी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि शांति भंग न हो. स्थानीय लोग घटना से दहशत में हैं और इलाके में भारी पुलिसबल तैनात है.

