
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लतनगर में हुई फायरिंग कांड का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी मो. रमजान उर्फ राज (25) को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी जुगसलाई के महतो पाड़ा रोड का निवासी है. पुलिस ने उसे गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकाई नदी रेलवे ओवरब्रिज के पास से पकड़ा. तलाशी के दौरान उसके कमर में खोसा हुआ एक अवैध देसी पिस्टल बरामद किया गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि फायरिंग की घटना पुरानी रंजिश का नतीजा थी. बीते दिनों मिल्लतनगर में कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद हुआ था, जिसके बाद रमजान ने बदला लेने की नीयत से अपने साथियों के साथ फायरिंग की थी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया.
सिटी एसपी ने बताया कि इस फायरिंग में रमजान के अलावा दो अन्य आरोपी भी शामिल थे, जिनकी तलाश जारी है. उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी मो. रमजान को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने हथियार बरामदगी को लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.

