
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर सिर चढ़कर बोले जब बीती देर रात जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में गोलीबारी की घटना से पूरा इलाका दहल उठा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब 11:30 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने पुरानी रंजिश के चलते शब्बू टाल के मालिक के पुत्र समीर, सैफ और अल्तमश पर 4 से 5 राउंड फायरिंग की. बताया जा रहा है कि इस घटना को राज नामक युवक और उसके साथियों ने अंजाम दिया, जिनका पीड़ित पक्ष से पूर्व में विवाद चल रहा था. गोली चलाने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग अपने घरों में दुबक गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी. जुगसलाई थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोखा बरामद किया है, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि फायरिंग किसी पिस्तौल से की गई थी.
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में हमलावरों की पहचान के सुराग मिले हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, पर घटना ने क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है.
स्थानीय निवासियों ने कहा कि जुगसलाई क्षेत्र में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं और पुलिस गश्ती में कमी दिखाई दे रही है. लोगों ने मांग की है कि इलाके में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए. पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा. समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी, हालांकि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

