
उदित वाणी, रांची : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत जेआरजी बैंक दंगवार शाखा के ब्रांच मैनेजर रहे मनोज सिंह को पुलिस ने 6.03 करोड़ रूपये के फर्जीवाड़ा के आरोप में बिहार के सासाराम से गिरफ्तार किया. यह गिरफ्तारी बैंक के वर्तमान शाखा प्रबंधक आशीष रंजन द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के आधार पर हुए अनुसंधान के बाद की गई.
अनुसंधान के क्रम में यह तथ्य उजागर हुआ कि अभियुक्त मनोज कुमार सिंह उक्त बैंक में शाखा प्रबंधक के रूप में कार्यरत रहते हुए बैंक की विभिन्न खातों से वित्तीय अनियमितता एवं गबन की गंभीर गतिविधियों में संलिप्त था. क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा किए गए निरीक्षण में यह पाया गया कि अभियुक्त ने 11 महिला खाता समूहों से ग्राहकों की सहमति के बिना फर्जी तरीके से ऋण स्वीकृत कर निकासी की थी. इसके अलावा अभियुक्त द्वारा बिशेष सावधि जमा खातों से भी फर्जी निकासी की गई थी.
इसके लिए उसने ग्राहकों की पहचान संख्या का दुरुपयोग करते हुए उन्हीं के नाम से दूसरा बचत खाता खोल लिया. फिर बिशेष सावधि जमा खातों से राशि को उसमें ट्रांसफर कर स्वयं के अथवा परिचितों के खातों में स्थानांतरित कर नगद निकासी कर ली. कुछ मामलों में ग्राहकों की सहमति के बिना सीधे बैंक से नकद निकासी भी की गई.
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त द्वारा कुल छह करोड़ तीन लाख चौंतीस हजार दो सौ पैंतालीस रुपये का गबन किया गया. इसमें से अभियुक्त ने बैंक को चार करोड़ छियासठ लाख नवासी हजार नौ सौ बयालिस रुपये की राशि वापस कर दी है. इस मामले में कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद के एस मो याकुब के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल गठित किया गया था.

