
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा मिशन घाट पर रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्वर्णरेखा नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतक काले रंग की जीन्स, सफेद चेक शर्ट और काले जूते पहने हुए था. ये वही कपड़े बताए जा रहे हैं, जिनमें गम्हरिया निवासी सूरज गोराई 19 सितम्बर को घर से निकला था. परिजनों ने शव के कपड़ों की पहचान कर आशंका जताई कि बरामद शव सूरज का ही है.
गौरतलब है कि सूरज गोराई 19 सितम्बर से ही रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था. उसी दिन उसकी बुलेट मोटरसाइकिल सोनारी डोबो न्यू ब्रिज से बरामद की गई थी. उस वक्त सोनारी थाना प्रभारी ने बताया था कि सूरज ने अपने एक दोस्त को आखिरी बार फोन कर कहा था— “मैं जा रहा हूं, ध्यान रखना.” इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं चल सका था.
शव मिलने की सूचना पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. इधर, शव मिलने से परिजनों में शोक और बेचैनी का माहौल है. स्थानीय लोग भी मामले की सच्चाई जानने को लेकर उत्सुक हैं.
सूरज की गुमशुदगी और अब नदी से शव बरामद होने की घटना ने पूरे शहर में रहस्य और चिंता का माहौल बना दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शव सूरज गोराई का है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है.

