
उदित वाणी, रांची : शराब घोटाला मामले में एसीबी द्वारा उत्पाद विभाग के पूर्व प्रधान सचिव निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे और उनके सहयोगियों के खिलाफ बहुत जल्द चार्जशीट दाखिल की जायेगी. जानकारी के मुताबिक एसीबी इसी सप्ताह आईएएस विनय चौबे और उनके सहयोगियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुटी है. ज्ञात हो कि इस मामले में एसीबी द्वारा 20 मई से अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच के तहत साक्ष्य जुटाने का काम तेजी से चल रहा है. बताया गया कि चार्जशीट दाखिल करने से पहले मामले में अनुसंधान कर रही एसीबी की टीम द्वारा पुख्ता साक्ष्य और संबंधित दस्तावेजों को एकत्र किया जा रहा है. जिसे एसीबी की बिशेष अदालत के समक्ष चार्जशीट के साथ प्रस्तुत किया जा सके.
ज्ञात हो कि एसीबी ने मामले में पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, संयुक्त उत्पाद आयुक्त गजेंद्र सिंह, पूर्व महाप्रबंधक वित्त सुधीर कुमार, पूर्व उत्पाद आयुक्त अमित प्रकाश, प्लेसमेंट एजेंसी मार्शन के नीरज कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया, होलोग्राम कंपनी प्रिज्म होलोग्राफी के विधु गुप्ता, छत्तीसगढ़ के आईटीएस अधिकारी अरुण पति त्रिपाठी, ओम साईं बेवरेजेज के अतुल कुमार सिंह और मुकेश मनचंदा को गिरफतार किया है. एसीबी इनके अलावा फर्जी बैंक गारंटी पर काम करने वाली प्लेसमेंट एजेंसियां मार्शन और विजन के निदेशकों, विनय चौबे के करीबी विनय सिंह और गिरफ्तार व फरार सभी आरोपियों को चार्जशीट में शामिल करने की तैयारी में जुटी है.
आईएएस विनय चौबे के करीबी विनय कुमार सिंह से एसीबी ने की पूछताछ
इधर सोमवार को एसीबी ने नेक्सजेन ऑटोमोबाइल कंपनी के संचालक व आईएएस विनय चौबे के करीबी विनय कुमार सिंह से पूछताछ की. बताया गया कि विनय सिंह से एसीबी ने उन्हें मिली ठेके और विनय चौबे के काले धन में निवेश व धन शोधन के आरोपों पर सवाल किया. दिनभर चली पूछताछ में उनके रिश्तों और साक्ष्यों पर भी पूछताछ की गई.
