
उदित वाणी, साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिहारी पंचायत में मंगलवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए. उन्होंने रोड जाम कर आक्रोश जताया.
मृतक की पहचान कार्तिक मंडल के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, कार्तिक मंडल अपने घर में कुछ निर्माण संबंधी काम कर रहे थे. इसी दौरान गांव के ही विफल घोष, पुराण घोष सहित कई लोग वहां पहुंचे और जमीन विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई.
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सभी आरोपियों ने कार्तिक मंडल को घर से जबरन बाहर घसीट लिया और लाठी-डंडों व हाथ-पैर से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. हमले में कार्तिक मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े.
घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, एएसआई सुनील मेहता और मनोज पासवान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल कार्तिक मंडल को तत्काल इलाज के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजने की व्यवस्था की, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहराई से छानबीन की जा रही है.
खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
(आईएएनएस)

