
उदित वाणी, रांची : झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आईएएस अधिकारी विनय चौबे के ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी और साले शिपिज त्रिवेदी को पूछताछ के लिए समन जारी किया है. गुरुवार को दोनों को एसीबी कार्यालय में पेश होना है. माना जा रहा है कि उनसे विनय चौबे की आय से अधिक संपत्ति के मामले में विस्तृत पूछताछ की जाएगी.
सूत्रों के अनुसार, शराब घोटाला, वन भूमि और सेवायत भूमि घोटाले के आरोपों में फंसे आईएएस विनय चौबे के खिलाफ एसीबी ने एफआईआर संख्या 20/2025 दर्ज की है. इस एफआईआर में विनय चौबे के साथ उनकी पत्नी स्वप्न संचिता, नेक्सजेन कंपनी के मालिक विनय सिंह व उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह, शिपिज त्रिवेदी व उनकी पत्नी प्रियंका त्रिवेदी तथा सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी को अभियुक्त बनाया गया है.
सभी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी), 13(2) और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. एसीबी की प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आरोपितों ने विनय चौबे की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की और उसे निवेश करने में मदद की.
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, विनय चौबे की ज्ञात आय 2.20 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि उनके, उनके रिश्तेदारों और सहयोगियों के खातों में कुल 3.47 करोड़ रुपये के लेन-देन का पता चला है. इस आधार पर लगभग 1.27 करोड़ रुपये की संपत्ति को अवैध बताया गया है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 53 प्रतिशत अधिक है.
