
उदित वाणी, बहरागोड़ा : थाना क्षेत्र के एनएच-18 पर झरिया मोड़ के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, कोलकाता से जमशेदपुर की ओर जा रही मारुति स्विफ्ट (WB51C7151) एक 14 चक्के ट्रक के पीछे जोरदार टकरा गई.
हादसे में कार चालक गणेश रॉय (50 वर्ष), कुसुमिता पटनायक (55 वर्ष) और उनकी पुत्री मोनिका पटनायक (28 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई.
घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस और एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची. गंभीर रूप से घायल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया है. दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

