
उदित वाणी, जामताड़ा : सदर थाना क्षेत्र के कायस्तपाड़ा में ज्वेलरी दुकान पर हथियारबंद बदमाशों की लूटपाट एवं दुकानदार को गोली मारने की घटना के विरोध में चेंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर बुधवार को जामताड़ा बाजार पूरी तरह बंद रहा. सुबह से ही अधिकांश दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद नजर आए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा.
व्यापारियों का आक्रोश
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है. दिनदहाड़े लूट एवं गोली चलाने की यह घटना प्रशासन की घोर विफलता को दर्शाती है. उन्होंने मांग की है कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए.
कानून-व्यवस्था पर सवाल
नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने कहा कि जामताड़ा में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. इस निंदनीय घटना के बाद व्यापारियों ने कड़े सुरक्षा उपायों की मांग की है.

