
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत 6 जनवरी को बाइक सवार दो अज्ञात युवकों द्वारा पर्स छिनतई की घटना के उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गठित विशेष टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो ओलीडीह ओपी क्षेत्र में कुछ युवक टेम्पू पर सवार होकर घूम-घूमकर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं.
सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक नगर जमशेदपुर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-2 के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. गठित दल द्वारा 7 जनवरी को अपराह्न करीब 3 बजे ओलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-01 के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक टेम्पू पुलिस बल को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पीछा कर पुष्पांजलि रेस्टोरेंट के पास पकड़ लिया गया.
टेम्पू की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन युवकों में से दो के पास से एक-एक प्लास्टिक पाउच में ब्राउन शुगर बरामद की गई. इसके बाद तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 10 ग्राम पाया गया. साथ ही तीन स्मार्ट एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक टेम्पू संख्या जेएच 05 डीएन 9183 भी जब्त किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशांत साव (19), अंशु कुमार (19), दोनों निवासी पटना (बिहार), तथा पंकज साव (31), निवासी ओल्ड पुरुलिया रोड, मानगो, जमशेदपुर के रूप में की गई है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

