
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक नगर कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर टेल्को थाना क्षेत्र से लापता हुई एक 7 वर्षीय बच्ची को महज 6 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया. यह सफलता पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और तकनीकी संसाधनों के कुशल इस्तेमाल का प्रत्यक्ष प्रमाण है.
बुधवार सुबह लगभग 10 बजे बच्ची के परिजनों ने टेल्को थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी. परिजनों ने बताया कि बच्ची खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई. मामला संज्ञान में आते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने एसपी सिटी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. एसपी सिटी कुमार शिवाशीष ने तत्काल एक टीम गठित की जिसमें टेल्को थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे.
डॉग स्क्वायड की मदद से बच्ची की आखिरी लोकेशन चिन्हित की गई, वहीं सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने खोज अभियान तेज किया. टीम ने क्षेत्र के पार्कों, सुनसान इलाकों और निर्माणाधीन स्थलों की गहन तलाशी ली.
लगातार 6 घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची को एक खाली मकान के पास सकुशल पाया गया. प्राथमिक जांच में अपहरण की आशंका नहीं जताई गई है, बच्ची रास्ता भटक गई थी. परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया.
एसपी सिटी कुमार शिवाशीष ने कहा, “पुलिस हर गुमशुदगी की सूचना को गंभीरता से लेती है. यह सफलता सामूहिक प्रयास और संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण है.”
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तत्काल थाना को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके.

