
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के टीचर्स कॉलोनी में सोमवार सुबह एक युवक द्वारा आत्महत्या करने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 24 वर्षीय अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है, जो बीते एक वर्ष से एक विवाहित महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं, जो पति से अलग रह रही थी.
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अभिषेक का शव प्रेमिका के घर में फंदे से लटका पाया गया. प्रेमिका ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी. सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और अभिषेक को गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया. गुस्से में वे प्रेमिका की पिटाई करने पर उतारू हो गए. हालांकि मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रेमिका को सुरक्षित एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया.
परिजनों ने आरोप लगाया कि अभिषेक की प्रेमिका उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी. छह महीने पहले अभिषेक ने उसे किराए के फ्लैट में रखा था, जहां दोनों साथ रहते थे. रविवार की रात भी दोनों साथ थे. सोमवार सुबह अचानक प्रेमिका ने सूचना दी कि अभिषेक ने आत्महत्या कर ली है.
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और प्रेमिका से पूछताछ कर रही है. प्रारंभिक जांच में घटना को आत्महत्या माना जा रहा है, हालांकि पुलिस प्रेम संबंधों में तनाव या अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है. घटना से इलाके में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है.

