
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र के खड़ीयाकोचा में सोमवार देर रात एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे खून से लथपथ हालत में छोड़ दिया गया. घायल युवक की पहचान मोहम्मद मुजाहिद (30) के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 1 का निवासीहैं. घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए तुरंत एमजीएम अस्पताल भेजा गया.
पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने तेजधार चाइना चापड़ से हमला कर मुजाहिद के कानपट्टी के नीचे गंभीर चोट कर दी. घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, लेकिन अस्पताल में उसका इलाज जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अब्दुल रेहान (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. अब्दुल रेहान आजाद नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 15 का निवासी है.
कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि यह हमला किसी व्यक्तिगत रंजिश के चलते किया गया हो सकता है. उन्होंने बताया कि मामले में अन्य दो आरोपी मोहम्मद अयान और मोहम्मद अमन की पहचान भी की जा चुकी है. इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस व्यापक छापेमारी कर रही है.
घायल मोहम्मद मुजाहिद का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है, लेकिन चिकित्सकों ने अभी और ध्यान देने की बात कही है. पुलिस द्वारा मामले की जांच लगातार जारी है.

