
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के गढ़ाबासा लाइन नंबर-7 में रहने वाले विजय कुमार ने अपने पड़ोसियों पर गाली-गलौज, मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है. 31 वर्षीय विजय कुमार, पिता स्वर्गीय कृष्णा कुमार, मकान संख्या 625A, लाइन नंबर-7 के निवासी हैं. उनका कहना है कि पड़ोसी सत्य नारायण और उसका परिवार आए दिन घर के सामने गाड़ियां खड़ी करके विवाद खड़ा करता है.
पीड़ित के अनुसार सत्य नारायण के बेटे बुलेट और कार उनके घर के सामने खड़ी करते हैं. मना करने पर सत्य नारायण, सविता देवी, देवेंद्र कुमार, पवित्रा देवी, देवेंद्र का साला शानू और लोकेश कुमार गाली-गलौज करने लगते हैं. आरोप है कि ये लोग जातिसूचक अपशब्द बोलते हुए कहते हैं- “साला गोंड़ जाति का है, हमे गाड़ी लगाने से मना करता है.” साथ ही जान से मारने की धमकी भी देते हैं, जिससे विजय का परिवार भय में जी रहा है.
पीड़ित ने बताया कि 28 फरवरी 2025 की रात करीब 9:30 बजे उन्होंने मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी. देर रात लगभग 12:40 बजे आवाज सुनकर बाहर निकले तो देखा कि देवेंद्र कुमार, पवित्रा देवी और शानू उनकी बाइक हटाकर अपनी गाड़ी लगा रहे थे. विरोध करने पर देवेंद्र ने कथित रूप से अपशब्द कहे और पैर खींचकर विजय को नाली में गिरा दिया. इसके बाद मारपीट की गई, जिसमें उनके मुंह, होंठ, सिर और शरीर पर चोटें आईं. परिजनों ने उन्हें घर लाकर संभाला और बाद में गंभीर दर्द होने पर एमजीएम अस्पताल ले जाकर इलाज कराया.
विजय कुमार ने मांग की है कि सत्य नारायण, सविता देवी, देवेंद्र कुमार, पवित्रा देवी, शानू और लोकेश कुमार पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक टिप्पणी को लेकर कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और परिवार सुरक्षित रह सके.

