
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह निवासी नूर नेहार शेख ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई. पीड़िता का कहना है कि उन्होंने 6 नवंबर को एसएसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन थाना स्तर पर अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई.
नूर नेहार शेख ने अपने ज्ञापन में बताया कि वे कई वर्षों से मुंबई में रह रही थीं. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि धतकीडीह स्थित उनके आवासीय संपत्ति पर कब्जे की नीयत से घर को तोड़ा जा रहा है. इस संबंध में जब उन्होंने थाने में शिकायत की, तो उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया और कोई कार्रवाई नहीं हुई.
पीड़िता ने बताया कि 22 नवंबर को वे अपनी मां का एक जरूरी कागज लेने धतकीडीह सुलेमान टाल गोदाम इलाके पहुंचीं. इसी दौरान उन पर हमला कर जान से मारने की धमकी दी गई. नूर के अनुसार अफरोज अहमद खान (लल्लन), जीएन खान उर्फ लड्डु बिल्डर, चिंटू (लड्डु का भतीजा), जाबिर हुसैन (मुटल्लू) और नईमा हुसैन ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और धमकाया.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जाबिर हुसैन ने मारपीट के दौरान उन्हें जेएमएम नेता पवन सिंह और बबन राय का नाम लेकर धमकाया, जिससे वे दहशत में आ गईं.
पीड़िता ने कहा कि लगातार शिकायत के बावजूद थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने से वे मजबूर होकर दोबारा एसएसपी कार्यालय पहुंचीं. एसएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले में पुनः जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी. पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

