
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची और बिष्टुपुर क्षेत्र रविवार की शाम अफरा-तफरी के माहौल में तब्दील हो गया जब दो दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों ने डीसी लाउंज (साकची और बिष्टुपुर) में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और स्टाफ एवं ग्राहकों पर हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर हथियारों से लैस थे और उन्होंने लाउंज की संपत्ति को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया. कई कर्मचारियों और ग्राहकों को चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जानकारी के अनुसार, साकची के रामदास भट्टा में रहने वाले कुछ युवकों का विवाद डीसी लाउंज मालिक के बेटे से किसी बात को लेकर हो गया था. पहले झड़प साकची स्थित लाउंज के पास हुई, जिसके बाद गुस्से में युवकों का समूह बिष्टुपुर स्थित डीसी लाउंज पहुंचा और वहां तांडव मचाया. अचानक हुए हमले से ग्राहकों में भगदड़ मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर और साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों स्थानों से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी.

