उदित वाणी जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 5 स्थित टावर मैदान के पास शुक्रवार देर शाम एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमजीएम अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान 42 वर्षीय पुष्पा भगत के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। पुष्पा भगत के पति मनोज कुमार सिन्हा ने शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि वे अपने परिवार के साथ उलीडीह शंकोसाई रोड नंबर 1 के श्यामनगर में रहते हैं। मृतका को नशे की लत थी, और आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में गिरने से उसकी मौत हो गई होगी।
शनिवार सुबह मृतका के पति अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुष्पा भगत के दो बच्चे हैं और उनके पति भी मजदूरी करते हैं। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।