
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा ‘मिशन उत्थान’ के अंतर्गत विशेष रूप से संवेदनशील जनजाति समूह (PVTGs) के लिए ग्राउंड सर्वे अभियान शुरू किया गया है. यह अभियान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है.
अभियान का उद्देश्य जिले में निवासरत PVTG समुदायों की पहचान, उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति का मूल्यांकन और सरकारी योजनाओं के आच्छादन को सुनिश्चित करना है. अब तक बोड़ाम, धालभूमगढ़ और बहरागोड़ा प्रखंड के 24 ग्राम पंचायतों के 45 गांवों में 827 PVTG परिवारों से सीधा संपर्क स्थापित किया गया है. कुल 5024 परिवारों के सर्वे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

सर्वेक्षण टीमों द्वारा प्रत्येक PVTG परिवार से सीधे संपर्क कर यह जानकारी ली जा रही है कि वे किन सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं और उन्हें किन योजनाओं की आवश्यकता है. साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, आवास, आय-सृजन और सामाजिक सुरक्षा जैसे बिंदुओं पर भी विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है.
सर्वे के आधार पर एक समेकित डाटा तैयार किया जाएगा. इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को योजनाबद्ध ढंग से सभी लाभकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी आजीविका को सशक्त करना और जीवन स्तर में समग्र सुधार लाना है.
जिला प्रशासन इस अभियान को जनभागीदारी, विभागीय समन्वय और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ा रहा है ताकि इस संवेदनशील समूह को दीर्घकालिक लाभ मिल सके.

