उदित वाणी जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के बाबन रोड के पास मंगलवार रात करीब 11 बजे स्कूटी और कार सवार के बीच सड़क पर वाहन चलाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। इसी दौरान कार चालक जयदीप सिंह ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे स्कूटी सवार मनदीप सिंह (गोलमुरी इवनिंग क्लब के पीछे रहने वाला) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ सवार रॉकी भी जख्मी हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोग घायल मनदीप और रॉकी को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मनदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। रॉकी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक जयदीप सिंह को हिरासत में ले लिया है। वहीं, कार में सवार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, मनदीप सिंह की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी में है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।