
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटा गोविंदपुर स्थित बजरंग नगर में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम बच्चे की कुएं में गिरने से मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवम केवरतो के रूप में हुई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, रविवार रात अचानक बस्ती के लोगों को जानकारी मिली कि एक बच्चा कुएं में गिर गया है. खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टाटा स्टील की सुरक्षा टीम से संपर्क कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया.
पुलिस और टाटा स्टील की सुरक्षा टीम के संयुक्त प्रयास से करीब 30 फीट गहरे कुएं से बच्चे के शव को बाहर निकाला गया. हालांकि, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी. शव बाहर निकलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. आसपास के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध नजर आए.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शिवम कुएं में कैसे गिरा. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

