
उदित वाणी, रांची : एसीबी रांची व हजारीबाग की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में क्रमशः बुंडू प्रखंड के ब्लॉक कोआर्डिनेटर जगरनाथ गोप को 25 हजार रुपये और चतरा के जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डा राम प्रकाश वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया. रांची एसीबी ने गोप को पेयजल एवं स्वच्छता अवर प्रमंडल बुंडू के सहायक अभियंता के कार्यालय से गिरफतार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. मामले में शिकायतकर्ता साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के पश्चिम नारायण टोला स्थित हसनटोला गांव निवासी शाहिद रजा हैं.
रजा ने बुंडू प्रखंड के सभी पंचायतों में जल एवं स्वच्छ भारत मिशन के तहत लगभग 169 नाडेप सोकपीट का निर्माण कराया था. इस निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में आरोपी ने रिश्त की मांग की थी. गोप ने एक लाख 81 हजार 475 रुपये की रिश्वत की मांग की थी और रजा ने एसीबी से इसकी शिकायत की थी. शिकायत का एसीबी ने सत्यापन कराया और जाल बिछाकर गोप को रंगे हाथों दबोचा.
चतरा जिला आयुष पदाधिकारी डा राम प्रकाश भी दबोचे गए
उधर चतरा जिला आयुष पदाधिकारी डा राम प्रकाश ने टंडवा में पदस्थापित आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य चिकित्सक पदाधिकारी डा प्रिया कुमारी से रिश्वत ले रहे थे. जानकारी के अनुसार डा प्रिया कुमारी को दिसंबर और जनवरी माह का मानदेय अब तक नहीं मिला था. भुगतान जारी करने के नाम पर जिला आयुष पदाधिकारी द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था और इसके लिए रुपये की मांग की जा रही थी. लगातार परेशान किए जाने के बाद डा प्रिया ने एसीबी हजारीबाग कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद एसीबी ने ट्रैप टीम गठित कर पूरे मामले की रणनीति बनाई तथा घात लगाकर आरोपी को रंगे हाथों दबोचा.

