
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 30 पेटी अवैध कफ सिरप जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है. इसके साथ ही तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि मालवाहक गाड़ी 407, जिसका नंबर जेएच01डीब्ल्यू1678 है, से भारी मात्रा में (ओनईआरईएक्स) कफ सिरप रांची से जैंतगढ़ लाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में टीम गठित कर छापामारी करने का निर्देश दिया गया.
जगन्नाथपुर से जैंतगढ़ जाने वाले मार्ग में आईटीआई मोड़ के पास जांच के दौरान मालवाहक गाड़ी को रोका गया, और कागजात की मांग की गई, लेकिन कोई भी संतोषजनक कागजात उपलब्ध नहीं कराया गया. जांच के दौरान ट्रक में 30 पेटियों में कुल 3600 शीशी कफ सिरप बरामद किया गया. पुलिस ने कफ सिरप को जब्त करते हुए इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार होने वालों में आनंदपुर थाना क्षेत्र के 37 वर्षीय राजेंद्र प्रधान, जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के तोडांगहातु गांव के 31 वर्षीय अमरदीप लागुरी, और आनंदपुर थाना के चारबंदिया गांव के 28 वर्षीय सुनील तिर्की शामिल हैं.
छापामारी टीम में जगन्नाथपुर के थाना प्रभारी अविनाश हेंब्रम, पुलिस अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार और विश्वनाथ हेंब्रम, हवलदार अजीत एक्का और अन्य जवान शामिल रहे. एसडीपीओ ने बताया कि अवैध कफ सिरप किसके द्वारा भेजा जा रहा है और कहां-कहां भेजा जाना है, इसकी भी जांच की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके.

