
उदित वाणी, जादूगोड़ा : यूसिल कॉलोनी, जिसे अब तक सुरक्षित माना जाता था, में बुधवार की सुबह दिनदहाड़े अपहरण का प्रयास होने से सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा का छात्र रतन माझी, पुत्र छुट्टू माझी, सुबह लगभग 7 बजे परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय, जादूगोड़ा जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान एक बेलेरो वाहन उसके पास आकर रुकी और उसमें सवार दो महिलाओं ने छात्र को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया.
रतन माझी ने किसी तरह अपहरणकर्ताओं के चंगुल से खुद को छुड़ाया और स्कूल की ओर भाग निकला. छात्र ने बताया कि वाहन में दो बेहोश लड़कियाँ पहले से ही पड़ी थीं, जिससे वह भयभीत हो गया. घटना के बाद से छात्र डरा-सहमा है और परिवारजन भी दहशत में हैं.
गौर करने वाली बात यह है कि यूसिल कॉलोनी में करोड़ों रुपये खर्च कर लगाए गए 22 सीसीटीवी कैमरे भी अपराधियों की गतिविधियों को कैद करने में नाकाम साबित हुए. इससे कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि अब तक पुलिस ने घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
इस घटना पर यूसिल मजदूर नेता राजा राम सिंह और बीरबल सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि कॉलोनी में रह रहे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाएँ अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक हैं. साथ ही उन्होंने यूसिल प्रबंधन एवं सुरक्षा अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएँ.

