
उदित वाणी, चांडिल : अवैध पत्थर खनन और परिवहन के खिलाफ आखिरकार प्रशासन सख्त नजर आया है. सरायकेला–खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा – रांची मुख्य मार्ग एनएच-32 पर जिला खनन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक जांच अभियान चलाया.
खान निरीक्षक समीर ओझा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में अवैध रूप से पत्थर लदे एक टाटा 407 वैन (जेएच05एवाई-8931) और एक ट्रैक्टर (जेएच05एस-7368) को जप्त कर चांडिल थाना को सौंपा गया. इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े कारोबारियों में अफरा – तफरी का माहौल है. प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि यह कार्रवाई महज शुरुआत है और आने वाले दिनों में लगातार छापेमारी से अवैध कारोबारियों की मुश्किलें और बढ़ेंगी.

