
उदित वाणी, रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम का दुरुपयोग कर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और उनकी पत्नी को फोन कर परेशान करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शनिवार देर रात इस संबंध में मुख्यमंत्री के निजी सचिव की ओर से रांची के गोंदा थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई.
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री आवास में कार्यरत प्राइवेट असिस्टेंट जय प्रसाद ने शिकायत दी है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को झारखंड का मुख्यमंत्री बताते हुए डीके शिवकुमार को फोन किया और उनसे अनावश्यक एवं असभ्य बातें कीं.
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि उसी मोबाइल नंबर से राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी फोन कर परेशान किया गया था. मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस कृत्य को हेमंत सोरेन की छवि धूमिल करने और वीवीआईपी व्यक्तियों को परेशान करने की निंदनीय कोशिश बताया है.
शिकायत के अनुसार, कॉल की रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में सुरक्षित रखी गई है. उसमें आरोपी की आवाज में स्पष्ट सुना जा सकता है कि वह खुद को झारखंड का मुख्यमंत्री बताकर अनुचित भाषा में बातचीत कर रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस हरकत में आ गई. साइबर सेल और टेक्निकल टीम ने कॉल ट्रेसिंग और डेटा विश्लेषण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं निर्देश दिया है कि आरोपी की पहचान कर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए.
सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आने के बाद सक्रियता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा, “इस घटना को गंभीरता से लिया गया है. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत की जाएगी.”

