
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू स्थित आशा कुंज इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. घर मालिक हृदय नाथ सिंह, जो इन दिनों कटिहार (बिहार) में हैं, 29 नवंबर 2025 को अपने घर को बंद कर गए थे. उन्होंने घर की चाबी अपने रिश्तेदार राजीव कुमार सिंह उर्फ मुन्ना जी को सौंपी थी, जो रोजाना पौधों और एक्वेरियम की देखभाल के लिए आते थे.
10 दिसंबर की सुबह पड़ोसी राकेश सिंह ने फोन कर सूचना दी कि मुख्य गेट का ताला और कुंडी मुड़ी हुई है, जिससे चोरी की आशंका जताई गई. राजीव सिंह मौके पर पहुंचे और चाबी से गेट खोलने पर देखा कि घर के अंदर के सभी ताले टूटे हुए हैं और सीसीटीवी कैमरों की तारें काट दी गई हैं. घर के सारे कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे.
चोरों ने अलमारी, इनबिल्ट लॉकर और बॉक्स बेड तोड़कर घर का सारा सामान बिखेर दिया था. घर से सोने-चांदी के गहने और लगभग 10 हजार रुपये नकद सहित करीब 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी हो गए हैं.
घटना की सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दे दी गई है. घर मालिक हृदय नाथ सिंह ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

