
उदित वाणी, पलामू : झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह अपराधियों ने पंचायत समिति के पूर्व सदस्य नवीन प्रसाद (45 वर्षीय) और अजीत कुमार गुप्ता (52 वर्षीय) को गोली मार दी. दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेजा गया है.
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे कांदू मोहल्ला स्थित गैस गोदाम रोड पर हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नवीन प्रसाद अपने क्षेत्र में कंबल वितरण को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौके पर पहुंचे अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जान बचाने के प्रयास में नवीन प्रसाद पास की एक दुकान में घुस गए, लेकिन अपराधियों ने दुकान के भीतर भी फायरिंग जारी रखी. इस दौरान दुकानदार अजीत कुमार गुप्ता को हाथ में गोली लग गई, जबकि नवीन प्रसाद के सीने में गोली लगी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. अजीत कुमार गुप्ता की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि नवीन प्रसाद की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है. बाद में दोनों को बेहतर उपचार के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. बताया गया है कि नवीन प्रसाद पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रह चुके हैं और नगर निगम की निवर्तमान पार्षद सुषमा आहूजा के पति हैं.
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि फायरिंग की घटना में दो लोगों को गोली लगी है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.
टीओपी-2 प्रभारी राकेश कुमार सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य सभी पहलुओं पर भी गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए.
(आईएएनएस)

