
उदित वाणी, गुमला : झारखंड के गुमला जिले स्थित सिसई थाना क्षेत्र में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर लाश जंगल में फेंक दी. पुलिस ने सोमवार को मुकुंदा गांव अंतर्गत सोंगरा पहाड़ कोना जंगल से मृतक 36 वर्षीय बुधराम तिर्की का शव बरामद किया है. मृतक गुमला के एक टेक्सटाइल स्टोर में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था.
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की साजिश मृतक की पत्नी रांथी देवी ने प्रेमी सीताराम उरांव के साथ मिलकर रची थी. मृतक के भाई सुरेश तिर्की ने पुलिस को बताया कि 2 जनवरी को बुधराम तिर्की अपनी पत्नी रांथी देवी और बेटे के साथ ओझा-भगत (तांत्रिक) के पास जाने की बात कहकर घर से निकले थे. शाम को रांथी देवी बच्चे के साथ अकेली घर लौट आई.
जब परिजनों ने बुधराम के बारे में पूछा तो उसने गोलमोल जवाब दिए, जिससे परिवार को संदेह हुआ. इसके बाद परिजनों ने बुधराम की तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो गुमला थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. इसी बीच ग्रामीणों से सूचना मिली कि सिसई थाना क्षेत्र के जंगल में एक शव पड़ा है.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया, जिसकी पहचान बुधराम तिर्की के रूप में हुई. पुलिस जांच में सामने आया है कि रांथी देवी का सीताराम उरांव के साथ प्रेम संबंध था. इसी अवैध संबंध के चलते पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बुधराम की तेज धारदार हथियार से हत्या की गई है. पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में दो अन्य अपराधियों के शामिल होने की भी जानकारी मिली है, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस अधिकारी सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया गया है और अन्य संलिप्त लोगों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा.
(आईएएनएस)

