
उदित वाणी, कोलाबीरा : कांड्रा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. दुगनी कोलढीपी के पास रात लगभग एक बजे अनाज से लदा एक ट्रक सड़क पर पहले से खड़े ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी तेज थी कि अनाज लदे ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
चालक भागा, हादसा बढ़ा
टक्कर के तुरंत बाद खड़ा ट्रक लेकर उसका चालक मौके से फरार हो गया. इस दौरान क्षतिग्रस्त ट्रक में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई. आग लगते ही ट्रक में लदा बड़ी मात्रा में अनाज जलकर नष्ट हो गया.
जान बचाकर भागे चालक व खलासी
हादसे के समय ट्रक में मौजूद चालक व खलासी ने किसी तरह जान बचाकर वाहन से छलांग लगाई. दोनों को मामूली चोटें आईं. आग लगते ही मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी कुछ समय के लिए बाधित हो गया.
स्थानीय लोग सक्रिय, पुलिस ने बुझाई आग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी. पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया. दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया.

