
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर निवासी प्रेमचंद्र झा की आत्महत्या मामले में एक नया मोड़ सामने आया है. घटना के लगभग एक सप्ताह बाद, मृतक की पत्नी निर्मला झा के बयान पर गोविंदपुर थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जिनमें सोनू उर्फ राहुल कुमार (हनुमान मंदिर के पास निवासी), डीके राही (जनता स्कूल के पास निवासी) और रौनक सिंह (गोविंदपुर निवासी) शामिल हैं.
प्रेमचंद्र झा ने 26 जून को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी. परिवारवालों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि परेशानी की असली वजह क्या थी. अब मृतक की पत्नी निर्मला झा ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया है कि उक्त तीनों आरोपियों ने उनके पति को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया.
गोविंदपुर थाना प्रभारी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रेमचंद्र झा और आरोपियों के बीच पैसों का लेनदेन हुआ था. बताया गया कि प्रेमचंद्र को इन लोगों ने कुछ रुपये दिए थे, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ता चला गया. इसी तनाव के कारण प्रेमचंद्र झा ने कथित तौर पर 26 जून को जहर खाकर अपनी जान दे दी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. साक्ष्य जुटाने और गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता चल सके.
