
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने तेज़ी से खुलासा करते हुए बिरसानगर निवासी 23 वर्षीय त्रिलोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने अपना आंगन सोसाइटी की रहने वाली वृद्ध महिला रीता दत्ता का पर्स छीनकर फरार हो गया था. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के बाद 40,100 रुपये नकद, महिला का पर्स, मोबाइल फोन, बाइक, आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड बरामद किए हैं.
थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि आरोपी बैंक से ही महिला का पीछा कर रहा था. जैसे ही वह अपना आंगन के पास पहुंचीं, त्रिलोक कुमार ने मौका पाकर उनके हाथ से पर्स छीन लिया और बाइक से भाग निकला. पर्स में कुल 55 हजार रुपये थे.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद उसने कुछ रुपये खर्च कर दिए थे, जबकि बाकी रकम और पर्स को लुआबासा पुल के नीचे छुपा दिया था. पुलिस ने मौके से सभी सामान बरामद कर लिए हैं.
थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी इससे पहले सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज एक हत्या मामले में जेल जा चुका है. उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया.
तेज़ी से मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा और पुलिस निगरानी को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है. पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाने को देने की अपील की है.

